बागेश्वर। नगर के गरुड़ रोड में निर्माणाधीन पार्किंग का कार्य पांच साल से बजट के अभाव में लटका हुआ है। पार्किंग नहीं होने से लोगों को वाहन सड़क किनारे पार्क करने को मजबूर हैं। इससे नगर में जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है।
नगर में बढ़ती जाम की समस्या को देखते हुए वित्तीय वर्ष 2020 में शासन ने गरुड़ रोड में 60 वाहनों की क्षमता वाले दो मंजिला पार्किंग निर्माण के लिए 2.12 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी। पहली किश्त के रूप में 50 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई।
साल 2020 में पार्किंग का कार्य शुरू हुआ। 2021 में पार्किंग के भूतल का निर्माण हुआ। इसके बाद धन नहीं मिलने से कार्य रुक गया। पालिका ने बजट मिलने की उम्मीद में 47 लाख रुपये अपने बजट से खर्च कर डाले, लेकिन अभी तक बजट का आवंटन नहीं हो पाया है। बजट नहीं होने से बीते चार सालों से कार्य रुका हुआ है।
वाहनों के सड़क किनारे वाहन पार्क होने से नगर में जाम लगता है। कई बार जाम लगने से नगर में आने वाले लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है।