बागेश्वर। पगना ग्राम पंचायत के खोला तोक में ट्रंचिंग ग्राउंड बनाने का फिर से विरोध होने लगा है। ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन देकर जल्द ट्रंचिंग ग्राउंड के निर्माण कार्य का आदेश निरस्त करवाने की मांग की।
मंगलवार को डीएम से मिलकर ग्रामीणों ने बताया कि गांव के गौचर-पनघट की जमीन पर नगरपालिका नगर क्षेत्र का कूड़ा निस्तारित करने की तैयारी कर रही है। ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। पूर्व में भी इस संबंध में नगरपालिका और जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन दिए हैं। कहा कि जिस जमीन पर पालिका कूड़ा निस्तारण स्थल बना रही है वह ग्रामीणों को बंदोबस्त के तहत मवेशियों को चुगान के लिए मिली है। समीप ही गांव की आबादी निवास करती है। गांव के समीप कूड़ा फेंके जाने से प्रदूषण होगा। ग्रामीणों ने जनहित में निर्माण कार्य को निरस्त करने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन करने और न्यायालय की शरण लेने की चेतावनी भी दी है। इस मौके पर ओम प्रकाश टम्टा, राकेश सिंह, नरेंद्र सिंह, प्रताप सिंह नेगी, जगत सिंह, कुंदन लाल आदि मौजूद रहे।