बागेश्वर। जिले में टैक्स जमा नहीं करने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ परिवहन विभाग सख्त है। विभाग ने लंबे समय से टैक्स जमा नहीं करने वाले 80 वाहन स्वामियों को नोटिस भेजकर जल्द से जल्द टैक्स जमा करने की हिदायत दी है। जिले में 80 वाहन स्वामियों की ओर से 60 लाख रुपये का टैक्स जमा किया जाना है।
जिले के वाहन स्वामी वाहनों के संचालन के लिए परिवहन विभाग की ओर से लगे टैक्स को जमा करने से बच रहे हैं। अब टैक्स जमा नहीं करने वालों के खिलाफ विभाग ने नोटिस भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। एक महीने के अंतराल में टैक्स जमा करने के लिए पहला नोटिस भेजा जा रहा है। पहले नोटिस का अनुपालन नहीं करने वाले वाहन स्वामियों को दोबारा से महीने भर के बाद दूसरा नोटिस भेजा जाएगा। दूसरे नोटिस के बाद भी टैक्स जमा नहीं करने वाले वाहन स्वामियों को अंतिम नोटिस भेजकर एक महीने में टैक्स जमा करने की अपील की जाएगी। तीन नोटिस भेजने के बाद भी टैक्स जमा नहीं करने वाले वाहन स्वामियों की आरसी काटने की कार्रवाई कर टैक्स की वसूली की जाएगी।
जिले के सभी वाहन स्वामियों से निर्धारित समय पर टैक्स जमा करवाने की अपील की जा रही है। अपील करने के बाद भी लंबे समय तक टैक्स जमा नहीं करने वाले वाहन स्वामियों को नोटिस भेजने की कार्रवाई की जा रही है। तीन नोटिस भेजने के बाद भी टैक्स जमा नहीं करने वाले वाहन स्वामियों की आरसी कटवाने की कार्रवाई की जाएगी।
-अमित कुमार, एआरटीओ बागेश्वर।