बागेश्वर। जिले में 108 सेवा को सुदृढ़ करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी पूरी कर दी है। जिला अस्पताल और सीएचसी के लिए तैनात एंबुलेंस को अस्पताल के आसपास ही मौजूद रहना पड़ेगा। अस्पताल से दूर वाहन पार्क करने पर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिले में 108 सेवा के तहत तैनात एंबुलेंस वाहनों की स्थिति दयनीय होती जा रही है। मरीजों को हायर सेंटर भेजने के लिए समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने पर मरीज और तीमारदारों को दिक्कतें होती हैं। कई बार वाहन आसपास न होने की बात कहकर चालक समय पर नहीं पहुंचते हैं। वाहन जिला मुख्यालय में ही अस्पताल से अन्यत्र पार्क होते हैं। इसके चलते मरीजों को जरूरत के समय एंबुलेंस नहीं मिल पाती है। विभाग ने मरीजों को एंबुलेंस समय पर उपलब्ध कराने के लिए अब एंबुलेंस वाहनों पर नजर रखना शुरू कर दिया है। अस्पताल से अधिक दूरी पर बेवजह वाहन खड़े करने वाले चालक और परिचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विभाग अब जिले में तैनात एंबुलेंस वाहनों की निगरानी करेगा।
जिले में कई बार एंबुलेंस वाहन नहीं मिलने से मरीजों को हायर सेंटर भेजने में समस्या आती है। इसे लेकर लोग कई बार शिकायत करते हैं। अब विभाग भी 108 सेवा में लगी एंबुलेंस पर निगरानी रखेगा। वाहनों को अस्पताल से दूर रखने पर कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. कुमार आदित्य तिवारी, सीएमओ बागेश्वर।