बागेश्वर। क्षेत्र के लिए साल 2021 में स्वीकृत सड़क का निर्माण नहीं होने से हाम्टी कापड़ी के ग्रामीण नाराज हैं। ग्रामीणों ने डीएम को पत्र देकर शीघ्र सड़क निर्माण की मांग की है। उन्होंने एक महीने में सड़क निर्माण शुरू नहीं होने पर चक्का जाम करने की चेतावनी दी है।
सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीणों ने डीएम को पत्र दिया। उन्होंने बताया कि उनके गांव हाम्टी कापड़ी के लिए शामा-गोगिना सड़क के पोउढुंगा से सड़क निर्माण को 10 अगस्त 2021 को मंजूरी मिली थी लेकिन अभी तक सड़क के निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ है। सड़क नहीं होने से ग्रामीणों को आठ किमी पैदल चलकर सड़क तक आना पड़ता है। शासन- प्रशासन को कई बार बता दिया है लेकिन सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। उन्होंने एक माह के भीतर सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं होने पर शामा-गोगिना मार्ग पर चक्का जाम करने की चेतावनी दी है। पत्र में कुंदन सिंह, हर्ष सिंह, मोहनी देवी, नरेंद्र सिंह, चनर सिंह, राम सिंह के हस्ताक्षर थे।