बागेश्वर। ढालन-खुनौली मार्ग पर सड़क पर चौड़ीकरण के नाम पर जमकर पत्थरों का दोहन हो रहा है। भारी भरकम मशीनों से पहाड़ काटकर पत्थरों को सड़क के काम में प्रयोग किया जा रहा है। पहाड़ काटने से वन भूमि को नुकसान हो रहा है।
जिले के ढालन-खुनौली सड़क पर इन दिनों सुधारीकरण और संकरे स्थानों पर चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। सड़क का पांच किलोमीटर भाग वन भूमि से होकर गुजरता है। कार्यदायी संस्था पीएमजीएसवाई की निगरानी में चल रहे कार्य में सड़क किनारे पत्थर के चट्टानों पर पोकलेन मशीन के ब्रेकर से पत्थरों की खुदाई की जा रही है। ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर पत्थरों को ले जाया जा रहा है। इसका उपयोग सड़क में बनने वाली दीवार और सोलिंग के कार्य में किया जा रहा है। सड़क के दोनों ओर चीड़ का वन क्षेत्र है। पत्थरों की खोदाई से वन भूमि को नुकसान हो रहा है। भारी मशीनों से हो रही खोदाई से चट्टान हिल रही है। बरसात के मौसम में सड़क पर भूस्खलन का भी खतरा है।
रेंजर प्रदीप कांडपाल ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग को पत्थरों की खोदाई न करने के लिए बताया गया है। पत्थरों का अवैध खनन होने पर कार्रवाई की जाएगी। पीएमजीएसवाई के जेई अनिल गुरूरानी ने बताया कि सड़क के प्रत्येक किलोमीटर में 12-12 मीटर के तीन-तीन पासिंग स्पेस बनाए जाने हैं और निर्माण सामग्री के लिए पत्थर का उपयोग भी वहीं से किया जाना है। संवाद