बागेश्वर। सोमवार की शाम को बागेश्वर में जमकर बारिश हुई। कई स्थानों पर ओलावृष्टि हुई। बारिश के दौरान बिजली की लाइन पर पेड़ गिरने से जिला मुख्यालय के तहसील रोड समेत कई इलाकों की बिजली गुल हो गई। देर शाम तक बारिश का सिलसिला जारी था।
सोमवार शाम करीब चार बजे से जिलेभर में तेज हवा चलने लगी। शाम करीब सवा चार बजे से जिला मुख्यालय के साथ ही जिले के तमाम हिस्सों में बारिश शुरू हो गई। जिला मुख्यालय में करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई। कमेड़ीदेवी, भंतोला, जाखनी के साथ ही दुगनाकुरी के दियाली, कुरौली क्षेत्र में ओलावृष्टि हुई। ग्रामीण योगेश उपाध्याय ने बताया कि ओलावृृष्टि से फल और सब्जी को नुकसान पहुंचा है। बागेश्वर नगर के तहसील रोड में बारिश के दौरान बिजली गुल हो गई। वहीं बालीघाट, हड़बाड़, रवाईखाल क्षेत्र में लाइन पर पेड़ गिरने से बिजली गुल हो गई। बिजली न होने से करीब 25 गांव प्रभावित हो गए हैं।
कार पर गिरा पेड़
बागेश्वर। बारिश के दौरान सातचौंरा-जल्थाकोट सड़क में कार पर पेड़ आ गिरा। मुस्योली निवासी दिनेश चंद्र पांडेय ने सड़क किनारे कार पार्क की थी। बारिश के दौरान कार विशाल पेड़ आ गिरा। कार में उस वक्त कोई नहीं बैठा था। अन्यथा जानमाल का नुकसान हो सकता था। पेड़ गिरने से कार को कार को काफी क्षति पहुंची है। संवाद