अल्मोड़ा। नगर में सड़क से लेकर गलियों तक बिजली के खंभों में संचार कंपनी ने बगैर यूपीसीएल की स्वीकृति केबल डाली हैं जो दुर्घटना का कारण बन सकती है। खंभों में खराबी दूर करने के लिए संचालन कंपनी के प्रतिनिधि चढ़ते हैं। ऐसे में बगैर शटडाउन के खतरा कई गुना बढ़ गया है।
बिजली के खंभों में केबल डालने के लिए अधिकांश संचार कंपनी ने यूूपीसीएल से स्वीकृति नहीं ली है। खंभों में केबल लटकने से बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। वहीं कंपनी के कर्मचारी बगैर शटडाउन के खंभों में चढ़ रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। नगर में माल रोड, चौक बाजार, लाला बाजार, कचहरी बाजार समेत कई मोहल्लों में करीब सौ से अधिक बिजली के खंभों पर फाइबर केबल डाली गई है, जिनके व्यवस्थित नहीं होने से लोगों को आवाजाही के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यूपीसीएल कई बार काट चुका है केबल
अल्मोड़ा। बगैर अनुमति के बिजली के खंभों में फाइबर लाइन डालने पर यूपीसीएल कई बार लाइन काट चुका है। इसके बाद भी कंपनी गंभीर नहीं है। खंभों में केबल का जाल बढ़ता जा रही है जो लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर रहा है।
यूपीसीएल कर्मियों को झेलनी पड़ती है दिक्कत
अल्मोड़ा। बिजली के खंभों पर फैले केबल के जाल से आए दिन बिजली लाइन आई खराबी को दूर करने में यूपीसीएल कर्मियों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। बिजली के खंभों में चढ़ने के लिए उन्हें खासी जद्दोजहद करनी पड़ रही है और इसमें दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
- समय-समय पर नगर में बिजली के खंभों पर डाली गई संचार कंपनी की केबल को काटा गया है। इसके बाद भी कंपनी इसे गंभीरता से नहीं ले रहीं। बगैर अनुमति के केबल बिछाने पर अब यूपीसीएल कार्रवाई करेगा। - कन्हैया मिश्रा, अधिशासी अभियंता, यूपीसीएल अल्मोड़ा।