गरुड़ (बागेश्वर)। गरुड़ पेयजल पंपिंग योजना के एक पंप में तकनीकी खराबी आने से नगर और ग्रामीण क्षेत्र के कई मोहल्लों में पेयजल संकट गहरा गया है। पंपिंग योजना से अधिकतर मोहल्लों में पेयजल की आपूर्ति नहीं होने से लोग प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ढो रहे हैं।
गरुड़ पेयजल पंपिंग योजना का एक पंप खराब हो गया। दूसरा पंप मात्र चार घंटे चल पा रहा है। इससे नगर और ग्रामीण क्षेत्र के पेयजल आपूर्ति करने वाली टंकियां पानी से नहीं भर पा रही हैं। पंप के खराब होने से कुछ ही मोहल्लों को मात्र 20 मिनट पानी की आपूर्ति हो रही है। पेयजल निगम की अवर अभियंता अंजलि नेगी ने बताया कि पंपिंग योजना का एक पंप खराब हो गया है। इससे ठीक करने पेयजल तकनीकी विंग अल्मोड़ा के अभियंता ठीक करने अल्मोड़ा ले गए है। उन्होंने बताया कि पंप ठीक होने के बाद नगर क्षेत्र में नियमित पेयजल की आपूर्ति होगी।
उन्होंने बताया कि गरुड़ पंपिंग योजना से पेयजल वितरण का काम पेयजल तकनीकी विंग अल्मोड़ा देखता है। जिला पंचायत सदस्य भकुनखोला, जर्नादन लोहुमी, जिला पंचायत सदस्य कौसानी सुनीता आर्या, ब्लॉक प्रमुख हेमा बिष्ट ने पेयजल तकनीकी विंग अल्मोड़ा से पंपिंग योजना को जल्द दुरुस्त करने की मांग की है।
शुद्धता के चलते उपयोग में लाते हैं पानी
गरुड़। गरुड़ पेयजल पंपिंग योजना के पानी में शुद्धता होने पर नगर क्षेत्र के अधिकतर उपभोक्ता एक साल से गरुड़ पेयजल पंपिंग योजना का पानी पीने के उपयोग में लाते है। नगर क्षेत्र में जल संस्थान की पेयजल योजना भी है। जल संस्थान के संयोजनों का पानी काफी कम लोग पीते हैं। जल संस्थान के अवर अभियंता अशोक कुमार भट्ट ने बताया कि जल संस्थान की योजना का पानी शुद्ध है। विभाग योजना के टैंक में समय-समय पर ब्लीचिंग पाउडर डालता है। संवाद