गरुड़ (बागेश्वर)। नगर पंचायत गरुड़ के चार वार्डों में चार दिन से पेयजल आपूर्ति ठप है। पेयजल संकट के दौर से गुजर रहे वार्ड के उपभोक्ताओं ने ऐलान किया है कि पेयजल आपूर्ति एक दो दिन के अंदर नहीं की तो वह एसडीएम कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
गरुड़ नगर पंचायत के नौघर, गरुड़ पुल, टीट बाजार, भकुनखोला, स्याल्दे टीट वार्ड में गरुड़ पंपिंग पेयजल योजना से पूर्व में पेयजल की नियमित आपूर्ति होती थी। इन वार्डों में चार दिन से पेयजल की आपूर्ति ठप है।
पेयजल संकट के दौर से गुजर रहे वार्ड के उपभोक्ताओं का कहना है कि पेयजल समस्या का निराकरण करने के संबंध में कई बार पेयजल निगम की अवर अभियंता से कह दिया है। पेयजल निगम ने जायज समस्या का आज तक निराकरण नहीं किया है। पेयजल संकट के दौर से गुजर रहे उपभोक्ता प्राकृतिक जल स्रोतों से पेयजल ढोने को मजबूर हैं।
भकुनखोला के पूर्व ग्राम प्रधान दयाल गिरी, बसंत नेगी, नौघर के पूर्व ग्राम प्रधान शंकर सिंह नेगी, गोपाल सिंह खड़ाई, हेम वर्मा, राहुल वर्मा का कहना है कि पेयजल निगम एक दो दिन के अंदर पेयजल की आपूर्ति नहींं करेगा तो चारों वार्डों के उपभोक्ता एसडीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। एसडीएम मोनिका ने पेयजल निगम के ईई और जेई से गरुड़ क्षेत्र की पेयजल समस्या का दो दिन के अंदर निराकरण करने को कहा है।