बागेश्वर में लगातार हो रही बारिश, सड़कों पर जलभराव
दो ग्रामीण सड़कों पर एक सप्ताह बाद भी नहीं हुआ यातायात बहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
बागेश्वर/कपकोट। बागेश्वर में शुक्रवार रात और शनिवार सुबह मूसलाधार बारिश हुई। इसके चलते कई जगहों में जलभराव हो गया। जिले की सूपी-झूनी और काफलीकमेड़ा सड़क पर एक सप्ताह बाद भी यातायात बहाल नहीं हुआ है। सड़कों के बंद होने से करीब दो हजार की आबादी प्रभावित है।
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार शनिवार सुबह आठ बजे तक डंगोली क्षेत्र में 37 मिमी, गरुड़ में 24 मिमी, बागेश्वर में 8 मिमी और कपकोट क्षेत्र में पांच मिमी बारिश हुई। शनिवार सुबह 10 बजे तक बारिश का सिलसिला जारी था। शनिवार सुबह आठ बजे बाद हुई बारिश के आंकड़े रविवार को जारी होंगे।
बारिश के चलते जिला मुख्यालय में ही मंडसलेरा बाईपास, स्टेशन रोड में जलभराव हो गया। मंडलसेरा बाईपास में तमाम दावों के बाद भी सड़क गड्ढामुक्त नहीं हुई है। सड़क पर बने गड्ढों में बरसात का पानी भरने से पूरी सड़क कीचड़ से सन जाती है। सड़क पर वाहन संचालन जोखिमपूर्ण बना हुआ है।
कपकोट के सूपी से झूनी जाने वाली सड़क पिछले शुक्रवार को बोल्डर और मलबा आन से बाधित थी। काफलीकमेड़ा सड़क क्षतिग्रस्त होने से बीते शनिवार से यातायात बाधित है। इस शनिवार को भी इन दोनों सड़कों पर यातायात बहाल नहीं हुआ।