बागेश्वर। जिले में बारिश के अलर्ट का कोई असर नहीं दिखा। पूरे दिन मौसम साफ रहा। लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण लंबे समय से बंद चल रही तीन सड़कों पर अब भी यातायात सुचारु नहीं हो सका है।
मौसम विभाग ने जिले में शुक्रवार के दिन बारिश की चेतावनी दी थी। इसके उलट सुबह से मौसम सामान्य बना रहा। बृहस्पतिवार रात को कपकोट क्षेत्र में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई। मानसूनी बारिश का दौर धीरे-धीरे बीत रहा है लेकिन लंबे समय से बंद सड़कों को खोलने के काम में गति नहीं दिख रही है। चार जुलाई से बंद काफलीकमेड़ा और 26 जुलाई से बंद कठपुडि़याछीना-नायलमाफी सड़क पर अब तक यातायात बाधित है। सड़कों के बंद होने से एक हजार से अधिक की आबादी प्रभावित हो रही है। बीते 21 अगस्त से बंद शामा-रामगंगा पुल सड़क पर भी मरम्मत का काम चल रहा है। सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह से भूस्खलन की चपेट में आ गया था जिसे काटकर नए सिरे से सड़क बनाने का काम चल रहा है। संवाद