बागेश्वर। ठाकुरद्वारा वार्ड के भतरौला में पेयजल समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। पिछले पांच महीनों से लोगों को नियमित पानी नहीं मिल रहा है। पिछले दस दिन से आपूर्ति ठप है। विभाग और डीएम के संज्ञान में होने के बावजूद मामले का हल नहीं निकाला जा रहा है। नाराज उपभोक्ताओं ने जल संस्थान के ईई का घेराव किया। जल्द पेयजल संकट दूर नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
शनिवार को भतरौला के लोगों ने जल संस्थान कार्यालय में नारेबाजी की। उन्होंने ईई को समस्याओं का ज्ञापन सौंपा। उपभोक्ताओं ने कहा कि बीते 13 मार्च और 24 अप्रैल को विभाग में पेयजल संकट को लेकर ज्ञापन दिए गए। 17 अप्रैल को डीएम के जनता दरबार में भी समस्या बताई गई लेकिन अब तक लोगों को नियमित पीने का पानी नहीं मिल रहा है। कहा कि अगर समस्या को गंभीरता से नहीं लिया गया तो उपभोक्ता आंदोलन करेंगे। इस मौके पर मुन्नी देवी, इंद्रा देवी, गोपुली देवी, सुनीता देवी, गंगा देवी, दीवान राम, ललित प्रसाद, योगेश कुमार आदि मौजूद रहे।
जिला मुख्यालय में रहते हुए भी हम पांच महीने से अनियमित पेयजल आपूर्ति का का सामना करना रहे हैं। तीन-तीन बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
रुक्मणी देवी, उपभोक्ता।
एक ओर वार्ड में पेयजल संकट है जबकि दूसरी ओर प्राकृतिक जलस्रोत तक नहीं है। ऐसे में गाड़ियों में दूर से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। जल्द समस्या का समाधान किया जाना चाहिए।
संगीता देवी, उपभोक्ता
नल में पानी नहीं आने पर पूरा दिन पानी जुटाने में चला जाता है। विभाग की ओर से बिल तो समय पर पहुंचा दिया जाता है लेकिन महीनों से चले आ रहे पेयजल संकट को दूर करने का प्रयास नहीं हो रहा।
गीता देवी, उपभोक्ता
भतरौला की पेयजल लाइन में तकनीकी दिक्कत है। लाइन की जांच की जा रही है। जल्द लाइन की मरम्मत कराकर आपूर्ति सुचारु करा दी जाएगी।
सीएस देवड़ी, ईई जल संस्थान बागेश्वर।