बागेश्वर। हिमालयी क्षेत्र से सटे बिचला दानपुर के लीती क्षेत्र के लोगों ने रविवार की रात बिना बिजली के काटी। सोमवार सुबह बिजली व्यवस्था बहाल हुई, लेकिन दो घंटे बाद ही फिर बिजली गुल हो गई। अव्यवस्था से लोगों में रोष है। तीन दिन पहले भी दो दिन तक क्षेत्र में बिजली गुल रही थी।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब एक बजे लीती, हाम्टीकापड़ी, रातिरकेटी, गोगिना क्षेत्र में बिजली गुल हो गई। लोगों को उम्मीद थी कि देर शाम या रात तक बिजली व्यवस्था बहाल हो जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। रातभर बिजली नहीं आई। सोमवार सुबह करीब दस बजे बिजली सुचारू हुई। सिर्फ दो घंटे बाद दोपहर 12 फिर बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
लीती के ग्राम प्रधान चामू सिंह, महिला मंगल दल अध्यक्ष धना कोरंगा ने यूपीसीएल की लापरवाही पर रोष जताया है। कहा कि बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन कर उपभोक्ता फोरम और विद्युत नियामक बोर्ड में वाद दायर करेंगे।
यूपीसीेएस के जेई देवेंद्र सिंह नेगी का कहना है कि डिस्क पंक्चर होने के कारण रविवार को लीती क्षेत्र में बिजली नहीं थी। सोमवार सुबह बिजली बहाल हो गई थी लेकिन लाइन में फिर फाल्ट आया है। जिसे ठीक कर लिया जाएगा।
घरों को छू रहे बिजली के तार, कब जागोगे सरकार
बागेश्वर। नगरपालिका क्षेत्र के मेहनरबूंगा में मकानों से गुजरती हाइटेंशन लाइन लोगों के लिए खतरा बनी हुई है। कई जगहों पर तार पेड़ों को छूकर गुजर रहे हैं। विभाग को बार-बार समस्या बताने पर भी सुध नहीं लिए जाने से आक्रोशित महिलाओं ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन देकर जल्द समस्या का हल करने की मांग की।
महिलाओं ने डीएम को बताया कि आबादी के बीच से तीन-तीन बिजली की लाइन गुजर रही हैं। कई जगहों पर बिजली के तार मकानों से सटे हैं। ऐसे में हर समय लोगों में डर बना रहता है। हरे पेड़ों की टहनियों से सटकर और बीच से तार गुजर रहे हैं। कई बार तेज हवा चलने पर शॉर्टसर्किट और तारों से चिंगारियां निकलती हैं। विभाग की ओर से सिर्फ आश्वासन ही मिलता है।
उन्होंने कहा कि जल्द हाइटेंशन लाइन को नहीं हटाया गया तो मजबूरन आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर पुष्पा देवी, सरिता देवी, उषा रौतेला, विद्या तिवारी, कमला देवी, रेखा देवी, बसंती देवी, लीला देवी, उमा देवी आदि मौजूद रहीं।