कपकोट/बागेश्वर। कपकोट नगर और गांव में पेयजल किल्लत बरकरार है। करीब एक पखवाड़ा पूर्व कपकोट की पेयजल योजना क्षतिग्रस्त हो गई थी। अभी भी योजना की पूरी तरह से मरम्मत होने से दिक्कत है।
कपकोट नगर और ग्रामीण में योजना क्षतिग्रस्त होने से पहले दो समय पानी की आपूर्ति की जाती थी। योजना की मरम्मत के बाद लोगों को एक ही समय पानी मिल पा रहा है। इससे लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता महिमन कपकोटी, ग्राम प्रधान सीता देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य विमला देवी, तारा सिंह, नवीन कपकोटी, नारायण सिंह, दिवान कपकोटी ने कहा कि जल संस्थान ने योजना की मरम्मत ढंग से नहीं की है। जल संस्थान पाइपों की कमी बता रहा है। पर्याप्त पानी नहीं मिलने से लोगों को जलधारों से पीने के पानी का इंतजाम करना पड़ रहा है। इन लोगों ने योजना की भलीभांति मरम्मत कर पूर्व की भांति दो समय पानी उपलब्ध कराने की मांग की है। जल संस्थान के ईई सीएस देवड़ी ने कहा कि कि पेयजल वितरण की जानकारी हासिल कर जलापूर्ति सुनिश्चित कराई जाएगी। संवाद