लोहाघाट (चंपावत)। नगर क्षेत्र में एनएच किनारे बंद पड़ी नाली और कलमठ न खोलने पर पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा ने नाराजगी जताई है। उन्होंने एनएच के अधिशासी अभियंता को पत्र लिखकर बंद नालियां और कलमठ खोलने की मांग की है। जल्द कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन चेतावनी दी है। ज्ञापन में कहा कि एनएच किनारे नगर में कई जगह नाली और कलमठ बंद पड़े हैं। पूर्व में भी कई बार इन्हें खोलने की मांग उठाई जा चुकी है लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि नाली और कलमठ बंद होने से बरसात का पानी लोगों के घरों, दुकानों में घुसने के साथ सड़कों में बह रहा है। पालिकाध्यक्ष ने जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर एनएच के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी। संवाद