कपकोट/बागेश्वर। कंट्रीवाइड पब्लिक स्कूल कपकोट के छात्र-छात्राओं ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मानव श्रृंखला बनाकर 15 अगस्त के महत्व को प्रदर्शित किया और देश के प्रति प्रेम का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने मंगलवार को होने वाले रंगारंग-सांस्कृतिक कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास भी किया।
प्रधानाचार्य मोहिनी पांडेय के निर्देशन में विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर 15 अगस्त की संरचना बनाई। प्रधानाचार्य पांडेय ने बताया कि इस शुभ दिन पर ही देश को अंग्रेजों की दासता से मुक्ति मिली थी। उन्होंने विद्यार्थियों को आजादी से पूर्व के हालात और स्वतंत्रता मिलने के बाद हुए विकास को लेकर संक्षेप में जानकारी दी। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और देश भक्ति के नारे लगाए। बाद में छात्र-छात्राओं ने स्वतंत्रता दिवस के दिन आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का अभ्यास किया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहयोग दिया। संवाद