किडनी रोग से पीड़ित गणेश कोरंगा का जीवन बचाने के लिए लोग आगे आने लगे हैं। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने गणेश की सहायता के लिए लोगों से संपर्क करना शुरू कर दिया है।
विकास खंड कपकोट के सुदूरवर्ती गांव कनौली के नेत्र सिंह के 20 वर्षीय पुत्र गणेश कोरंगा की दोनों किडनियां खराब हो चुकी हैं। वह दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती हैं।
गणेश की मां भागीरथी देवी ने बेटे की जान बचाने के लिए अपनी एक किडनी देने की बात कही है। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता केदार महर बजरंगी ने बताया कि किडनी ट्रांसप्लांट और उपचार में 10 लाख रुपये का खर्च आने का अनुमान है। गणेश के घर की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। उन्होंने लोगों से गणेश की जान बचाने के लिए आगे आने की अपील की है।
उधर, पदम सिंह डसीला स्मारक राइंका देवतोली के प्रधानाचार्य गणेश गोस्वामी के प्रयासों से बच्चों ने 4500 रुपये और राइंका सानीउडियार के प्रवक्ता पूरन चंद्र जोशी ने पांच सौ रुपये पीड़ित के बैंक खाते में जमा किए हैं।
आप भी गणेश की सहायता कर सकते हैं- सामाजिक कार्यकर्ता केदार महर ने बताया कि गणेश कोरंगा के नाम से नाचनी पिथौरागढ़ स्थित एसबीआई की शाखा में बचत खाता खोला गया है। लोग उसके बचत खाता संख्या 37045339334 में नकद या चेक से सहायता राशि जमा कर सकते हैं।