गरुड़ (बागेश्वर)। कांडा क्षेत्र के बाद अब गरुड़ क्षेत्र के मझकोट और आसपास के गांवों में भालू दिखने की सूचना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है । सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में ट्रेप कैमरे लगाकर गश्त बढ़ा दी है ।
बुधवार को वन विभाग की टीम ने संवेदनशील स्थानों पर कॉम्बिंग की है। रात्रिकालीन पेट्रोलिंग को और सघन कर दिया गया है । स्थानीय ग्रामीणों की सूचना के आधार पर विभाग ने क्षेत्र में कैमरा ट्रैप लगाकर भालू की मूवमेंट की निगरानी शुरू कर दी है। मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए विभाग ने एनाइडर और अन्य संघर्ष निवारक उपकरणों का उपयोग भी बढ़ा दिया है। विभाग की टीम ने मझकोट और आसपास के गांवों का भ्रमण कर लोगों से जंगल और एकांत स्थानों पर अकेले न जाने, घरों के आस-पास कचरा, फलों के छिलके या पशु चारे का ढेर न लगाने, वन्यजीव गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को देने की अपील की है। रेंजर महेंद्र गुसाईं ने बताया कि टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी कर लोगों को जागरूक कर रही है। संवाद