तहसील क्षेत्र में शुक्रवार की शाम हुई तेज बारिश से मोहनी देवी निवासी लखनी और दिवान राम निवासी रतोड़ा के मकान को आंशिक क्षति पहुंची है। 12 घंटे लगातार बारिश के चलते गोमती और गरुड़ गंगा उफान पर है। सूचना पर शनिवार सुबह तहसीलदार दयाल चंद्र और कानूनगो भुवन वर्मा मौके पर पहुंचे और क्षति का आकलन किया। इधर, तेज बारिश से गरुड़ गंगा और गोमती नदी उफान पर है।
झूठी सूचना से राजस्व पुलिस रात भर परेशान रही
गोमती घाटी के एक व्यक्ति द्वारा आपदा कंट्रोल रूम को गोमती घाटी में बादल फटने और मकान ध्वस्त होने की भ्रामक खबर देने पर तहसील प्रशासन रात भर परेशान रहा। कानूनगो भुवन वर्मा ने बताया कि गोमती घाटी से एक व्यक्ति ने आपदा कंट्रोल रूम में देर रात करीब 12 बजे फोन कर सूचना दी कि गोमती घाटी के मजकोट गांव में बादल फटने से चार मकानों के ध्वस्त हो गए हैं। सूचना पर कानूनगो भुवन वर्मा, पटवारी पिंगलों त्रिभुवन बोरा राजस्व पुलिस की टीम के साथ रात में मौके पर पहुंचे। कानूनगो ने बताया कि सूूचना गलत निकली। तहसीलदार दयाल चंद्र ने लोगों से आपदा की झूठी सूचना कंट्रोल रूम में न देने की अपील की है। सूचना गलत मिलने पर सूचना देने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो