60 वाहन क्षमता की दोमंजिली पार्किंग बागेश्वर नगर के गरुड़ रोड में बन रही
बागेश्वर। बागेश्वर नगर की निर्माणाधीन दोमंजिली पार्किंग का काम बजट के अभाव में बीते तीन साल से रुका पड़ा है।
वर्ष 2019-2020 में शासन ने 60 वाहन क्षमता की दोमंजिली पार्किंग के लिए दो करोड़ 12 लाख रुपये स्वीकृत किए। पहली किश्त के रूप में पालिका को 50 लाख रुपये अवमुक्त किए गए। वर्ष 2020 में पार्किंग का काम शुरू हुआ। वर्ष 2021 में पार्किंग का भूतल का निर्माण हुआ। अवशेष रकम अवमुक्त न होने से आगे का काम रुक गया। पालिका ने शासन से बजट अवमुक्त होने की प्रत्याशा में काफी रकम अपने बजट से भी खर्च की लेकिन पार्किंग का अवशेष बजट नहीं मिल पाया। करीब तीन साल से पार्किंग का काम रुका पड़ा है।
नगर में एक भी पक्की पार्किंग नहीं है। नगरपालिका तीन स्थानों में सड़क के किनारे पार्किंग संचालित करती है। दो-तीन निजी पार्किंगों का खुले में संचालन होता है। पार्किंग सुविधा न होने से नगर में सड़क किनारे वाहन खड़े रहते हैं,जो जाम का कारण बनते हैं।
कोट- हर माह शहरी विकास विभाग से पार्किंग की अवशेष राशि अवमुक्त करने के लिए पत्राचार किया जाता है। पार्किंग में पालिका 46 लाख रुपये अपने बजट से भी लगा चुकी है। हयात सिंह परिहार, ईओ नगरपालिका बागेश्वर।