बागेश्वर में रुका पड़ा कार पार्किंग का काम। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। 50 हजार आबादी वाले बागेश्वर नगर में वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। जिले में करीब 23 हजार वाहन पंजीकृत हैं। पार्किंग की उचित व्यवस्था न होने से वाहन सड़क के किनारे खड़े रहते हैं और अक्सर जाम का कारण बनते हैं। जिले में बहुमंजिली पार्किंग का निर्माण हो रहा है। बरसात के कारण पार्किंग का काम रुका है। इसके निर्माण में अभी समय लगेगा।
जिला बनने से 23 वर्ष बाद भी जिला मुख्यालय में वाहनों की पार्किंग के लिए समुचित व्यवस्था नहीं हो सकी है। वाहनों का दबाव सड़क पर दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। पिछले वर्ष पालिका ने पिंडारी रोड और ताकुला रोड में ओपन पार्किंग का निर्माण किया। इससे भी पार्किंग की समस्या का हल नहीं हुआ। शासन ने जिला मुख्यालय में दोमंजिली पार्किंग के लिए 2.13 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। कोतवाली से थोड़ा आगे गरुड़ रोड में दोमंजिली पार्किंग का कार्य कुछ महीने पहले शुरू हुआ लेकिन बरसात के कारण भूस्खलन होने से पार्किंग का कार्य फिलहाल रुका है। निर्माण होने के बाद इसमें 60 वाहनों को पार्क किया जा सकेगा। पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल का कहना है कि जल्द पार्किंग निर्माण फिर शुरू होगा। एक साल के भीतर यह पार्किंग अस्तित्व में आ जाएगी।