कपकोट (बागेश्वर)। कपकोट नगर पंचायत क्षेत्र में टैक्सी पार्किंग निर्माण कार्य जोरों से चल रहा है। पार्किंग निर्माण के चलते शामा-सौंग तिराहे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस ने कपकोट से खाईबगड़ के लिए रूट डायवर्ट का विकल्प भी दिया है।
कपकोट नगर पंचायत क्षेत्र में वाहन पार्किंग की सुविधा नहीं होने से सड़क किनारे ही गाड़ियां पार्क की जाती हैं। सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों से अक्सर जाम के हालात बनते हैं। लंबे समय से चली आ रही परेशानी को दूर करने के लिए भराड़ी बाजार में तीन टैक्सी पार्किंग स्वीकृत हुए थे। दो पार्किंग में इन दिनों काम चल रहा है। मंगलवार को शामा-सौंग तिराहे पर बन रही पार्किंग के निर्माण के चलते वाहन चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। लोगों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए इंतजार करना पड़ा।
इधर, लोनिवि के एई जीबी जोशी ने बताया कि ऐठाण में करीब 24 लाख रुपये और शामा-सौंग तिराहे पर करीब 50 लाख रुपये की लागत से पार्किंग निर्माण चल रहा है। पहाड़ कटान के चलते वाहनों को बारी-बारी से भेजा जा रहा है।
उधर, थानाध्यक्ष कैलाश बिष्ट ने बताया कि जल्द जाने वालों के लिए कपकोट पुल से रूट डायवर्ट किया गया है। निर्माण स्थल पर भी आधे-आधे घंटे का ब्रेक लेकर वाहनों की आवाजाही कराई जा रही है।