बागेश्वर में प्रदर्शन करते अभिभावक।
- फोटो : अमर उजाला
राजीव गांधी नवोदय विद्यालय बहुली की समस्याओं का समाधान न होने से आक्रोशित अभिभावकों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएम को ज्ञापन देकर विद्यालय में व्याप्त समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। मांग पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेेतावनी दी है।
राजीव गांधी नवोदय विद्यालय बहुली के अभिभावक सोमवार को नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट में पहुंच गए। उन्होंने कलक्ट्रेट के समक्ष सांकेतिक धरना देकर प्रदर्शन किया। इस मौके पर अभिभावक संघ के अध्यक्ष मुरूलीधर जोशी ने कहा कि लंबे समय बाद भी विद्यालय में पूर्णकालिक प्राचार्य, शिक्षक नहीं हैं। विद्यालय के आवासीय भवन के निर्माण के लिए आज तक भूमि तय नहीं हो सकी है। प्रयोगशाला और पीने के पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं है। बच्चों के खेलने के लिए खेल का मैदान नहीं है। बच्चों के भोजन व्यवस्था की निविदाएं नहीं लगाई गई हैं।
वक्ताओं ने जब तक विद्यालय भवन का निर्माण हो नहीं जाता तब तक विद्यालय को अन्यत्र शिफ्ट कराने की भी मांग की। उन्होंने इस संबंध में डीएम रंजना राजगुरु को ज्ञापन दिया। इस पर डीएम ने समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालों में रतन गिरी गोस्वामी, विमला देवी, कैलाश जोशी, नवीन पाठक, भगवत सिंह, देवेंद्र सिंह, नरेश कुमार, पुष्कर गोस्वामी, महेश कांडपाल, राम गिरी गोस्वामी और हरीश पांडे आदि शामिल थे।