राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती की मांग को लेकर अभिभावकों ने बागेश्वर- बैजनाथ मार्ग में चक्काजाम कर दिया। लगभग आधे घंटे तक लगे चक्काजाम के कारण दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाया। पुलिस द्वारा जबरन हटाने से अभिभावक नाराज हो गए। इसके बाद अभिभावकों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन कर डीएम को ज्ञापन सौंपा।
पूर्व चेतावनी के अनुसार बुधवार की सुबह भारी संख्या में अभिभावक बहुली के पास एकत्र हुए। इसके बाद बागेश्वर-बैजनाथ मोटर मार्ग में चक्काजाम कर दिया। बीच सड़क में धरने पर बैठने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलते ही कोतवाली से पहुंची पुलिस ने जबरन जाम खुलवाया। जबरन हटाने से अभिभावकों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद सभी अभिभावक कलक्ट्रेट पहुंचे। वहां पर जोरदार प्रदर्शन करने के बाद डीएम को ज्ञापन सौंपा। अभिभावकों ने कहा कि शिक्षकों की कमी के कारण उनके बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो गया है। शिक्षा विभाग व प्रशासन को इसकी कोई चिंता नहीं है। यदि पांच सितंबर तक विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती नहीं की गई तो आमरण अनशन शुरू कर दिया जाएगा। चक्काजाम व प्रदर्शन करने वालों में अभिभावक मुरलीधर जोशी, कविता बिष्ट, मान सिंह, नवीन पाठक, सुंदर गिरी, पुष्कर पुरी, कंचन बिष्ट, भवान, नमिता, रतन गिरी, नीमा पांडे, शीला पंत, मंजू नयाल आदि शामिल थे।