पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन विभाग के सौजन्य में मालता गांव के निकट परीक्षण के तौर पर पैराग्लाइडिंग का आयोजन किया गया। ट्रेनर 17 कुमांऊ रेजीमेंट के पूर्व सैनिक जगदीश जोशी ने पुलिस लाइन से बिलौना तक पैराग्लाइडिंग की। यह क्षेत्र पैराग्लाइडिंग के लिए मुफीद पाया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सीडीओ एसएसएस पांगती ने कहा कि जनपद में पैराग्लाइडिंग की तमाम संभावनाएं हैं। मालता से बिलौना क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग का परीक्षण सफल रहा है। इसके बाद कपकोट ब्लॉक के दुलम ग्राम पंचायत में पैराग्लाइडिंग का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पैराग्लाइडिंग से जनपद में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। कहा कि विभिन्न जिलों में पैराग्लाइडिंग में एक उड़ान के ढाई हजार रुपये तक की दरें निर्धारित की गई हैं। यदि बागेश्वर में पैराग्लाइडिंग शुरू हुई तो रोजगार के अवसर खुलेंगे। यहां पर एसडीएम श्याम सिंह राणा, जिला क्रीड़ा अधिकारी विनोद सिंह वल्दिया, सीओ वीर सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी पीके गौतम, दीपक पंत, सोमनाथ सोनी, नितीश बिष्ट आदि थे।