स्व.मंगल सिंह ऐठानी स्मृति सद्भावना दौड़ संपन्न हो गई। इसके तहत धावक पंकज कांडपाल ने 550 किमी की दौड़ पूरी की। बुधवार को जिला पंचायत परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने धावक का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
सद्भावना का संदेश लेकर पंकज कांडपाल ने 16 अप्रैल की सुबह 6:30 बजे बागेश्वर के सूरजकुंड से दौड़ शुरू की थी। धावक ने चौकोड़ी, मुवानी, लोहाघाट, मोरनावाला, नैनीताल, रानीखेत, कौसानी से होते हुए बुधवार सुबह 11 बजे बागेश्वर में दौड़ पूरी की। यहां उनका जोरदार स्वागत किया गया।
इस अवसर पर धावक ने अपने अनुभव भी साझा किए। 25 वर्षीय धावक पंकज ने बताया कि उनकी इच्छा सेना में भर्ती होने की थी। इसके लिए वह लगातार दौड़ की तैयारी कर रहे थे, लेकिन सेना भर्ती से पहले बीमार हो गए थे। सेना में भर्ती का उनका अंतिम अवसर था।
उन्होंने बताया कि वह एथलीट और अन्य साहसिक खेलों में कैरियर बनाएंगे। उन्होंने शीघ्र ही नैनीताल से लेह तक साइकिल यात्रा पर जाने की बात कही। इस अवसर पर संयोजक रमेश पांडे कृषक आदि मौजूद थे।