बागेश्वर। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर उच्च हिमालयी गांव गोगिना के होम स्टे अब सैलानियों को आश्रय के साथ-साथ योग और पंचकर्म की सेवा भी देंगे। गांव में बने तीन होमस्टे में आयुर्वेदिक चिकित्सा शुरू की गई है।
गांव में संचालित हो रहे आयुर्वेद एवं यूनानी विभाग के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में तैनात स्वास्थ्यकर्मी होम स्टे में ठहरने वालों को जरूरत के अनुसार सुविधा प्रदान करेंगे। इस पहल से सैलानियों को हिमालय का दीदार करने के साथ-साथ आयुर्वेद के माध्यम से खुद को फिट और तंदुरुस्त रखने में मदद मिलेगी। गोगिना गांव के आंध्र ग्लेशियर होम स्टे, त्रिलोक होम स्टे, नामिक ग्लेशियर होम स्टे में पर्यटकों को आयुर्वेद चिकित्सा देने की पहल शुरू की जा चुकी है। वर्तमान समय में लोगों के बीच पंचकर्म की मांग बढ़ गई है। ऐसे में आयुर्वेद विभाग, पर्यटन विभाग के साथ मिलकर पर्यटकों को यह सेवा देने जा रहा है।
इस पहल का उद्देश्य न केवल पर्यटकों को स्वास्थ्य लाभ देना है, बल्कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देना भी है।
यह सुविधा उन लोगों के लिए उपयोगी होगी, जो तनाव, थकान और शारीरिक परेशानियों से राहत पाने के लिए आयुर्वेदिक चिकित्सा और योग को अपनाना चाहते हैं। पर्यटकों को स्वास्थ्य किट भी उपलब्ध कराई जाएगी।
यह पहल न केवल पर्यटकों को लाभान्वित करेगी, बल्कि आयुर्वेदिक चिकित्सा और योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी मदद करेगी। इससे जिले में रोजगार के अवसर बढ़ने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की भी उम्मीद है।