रक्षा बंधन पर यात्रियों को फ्री यात्रा कराने वाले पदम सिंह दानू। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। बागेश्वर से गोगिना रूट पर रोजाना वाहन चलाते वाले पद्म सिंह परिहार रक्षाबंधन पर यात्रियों को अनूठी सौगात देने जा रहे हैं। उन्होंने रक्षाबंधन के दिन प्रत्येक यात्री को मुफ्त में यात्रा कराने का एलान किया है।
दानू का कहना है कि वे कई वर्षों से बागेश्वर-शामा रूट पर वाहन चलाकर रोजी रोटी कमा रहे हैं। रक्षाबंधन के दिन अधिकांश लोग अपने भाई या बहन से मिलने जाते हैं। उस दिन अगर यात्रा फ्री कर दी जाए तो यह यात्रियों के लिए तोहफे के समान होगा और वह यात्रियों का आभार भी जताएंगे।
नैना और गोलू भाई 2007 से रक्षाबंधन पर बहनों को कराते हैं फ्री यात्रा
बागेश्वर। जिले के एक टैक्सी मालिक और चालक पिछले 15 साल से रक्षाबंधन के दिन महिलाओं को अपनी टैक्सी में निशुल्क यात्रा करा रहे हैं। टैक्सी मालिक गोलू कालाकोटी और चालक नैना की जुगलबंदी वाली गाड़ी की पहचान ही नैना-गोलू टैक्सी के रूप में बनी हुई है।
लोग मालिक को गोलू भाई और चालक को नैना भाई कहकर संबोधित करते हैं। यह ट्रैवलर रोजाना सुबह बागेश्वर से दोफाड़, बनलेख, रीमा, स्यांकोट, धरमघर होते हुए कोटमन्या तक जाती है और दोपहर बाद वापस होकर शाम को बागेश्वर पहुंचती है। दुग नाकुरी तहसील क्षेत्र के सभी इलाकों से होकर गुजरने वाली इस गाड़ी को चालक के मधुर व्यवहार के कारण हर कोई क्षेत्रवासी जानता है। रक्षा बंधन के दिन महिलाएं चालक नैना को राखी बांधती हैं। उपहार के रूप में चालक नैना महिलाओं को निशुल्क यात्रा का तोहफा देते हैं।