बागेश्वर। बागेश्वर जिला अस्पताल और कोविड केयर सेंटर में आपदा मद से ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट स्थापित किए जाएंगे। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी प्लांट लगाने की योजना है।
बागेश्वर में जिला अस्पताल और कोविड केयर सेंटर में ऑक्सीजन प्लांट लगाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए पेयजल निर्माण निगम रानीखेत को कार्यदायी संस्था बनाया गया है। सीएमओ डॉ. बीडी जोशी ने बताया कि पहले चरण में जिला अस्पताल और कोविड केयर सेंटर में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट लगाया जा रहा है। जल्द ही इसका काम शुरू हो जाएगा। इसके बाद कांडा, कपकोट, बैजनाथ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्लांटों में वातावरण से ऑक्सीजन जनरेट होगी।
विधायक चंदन राम दास ने बताया कि सीएम ने आपदा मद से ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट लगाने को मंजूरी दी है। ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट लगाने में धन की कमी आड़े नहीं आएगी।