उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज सीजन-बाइकिंग रेस के दौरान बाइकर्स।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज सीजन-बाइकिंग रेस में शामिल 57 प्रतिभागियों का दल रविवार को बागेश्वर पहुंचा। पिथौरागढ़ से 120 किमी की दूरी तय कर सबसे पहले कोलंबिया के आस्कर मारीक्को बागेश्वर पहुंचे। प्रतिभागियों का यहां पर जोरदार स्वागत किया गया।
मोटर बाइकिंग रैली रविवार को दिन में साढ़े 12 बजे बागेश्वर पहुंची। रेस में सबसे पहले पुरुष प्रतिभागी कोलंबिया के आस्कर मारीक्को बागेश्वर पहुंचे। दूसरे नंबर में कजाकिस्तान के किरील कजांतसव रहे। साइक्लिंग रेस में शामिल भारतीय सेना के रमेश आले ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
मोटर बाइकिंग दल में छह विदेशी महिला प्रतिभागी भी शामिल हैं। प्रतिभागी सोमवार की सुबह कर्णप्रयाग के लिए रवाना होंगे। बाइकिंग दल के यहां पहुंचने के मौके पर पर्यटन विभाग द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के निदेशक आरके जोशी ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य रोजगार के अवसर बढ़ाना है। इससे देश विदेश के पर्यटकों में यहां के पर्यटन के प्रति रुचि बढ़ेगी। प्रदेश में पर्यटन से जुड़े युवा प्रतिभागियों को रोजगार मिलने के साथ ही उनके आजीविका के साधन भी मजबूत होंगे।
स्वागत कार्यक्रम में भारतीय सेना के कैप्टन सुनील कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह परिहार, एसपी सुखवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी एसएसएस पांगती, एसडीएम एसएस राणा, जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट, जिला खेल अधिकारी संजीव पौरी आदि थे।