कपकोट में पनौरा गांव को जाने वाले मार्ग की क्षतिग्रस्त दीवार का सुधार नहीं होने से क्षेत्रवासियों में रोष है। नाराज लोगों ने ‘दीवार निर्माण के लिए विधायक जी का आभार’ लिखे बोर्ड पर जूतों की माला लटकाकर विरोध जताया। इधर, बोर्ड में जूते की माला डालकर प्रदर्शन करने पर पुलिस ने तीन युवकों का शांति भंग में चालान कर दिया।
रविवार को पनौरा के राजेंद्र कपकोटी के नेतृत्व में लोगों ने दीवार निर्माण के लिए विधायक का आभार लिखे एक बोर्ड में जूतों की माला टांग दी। विरोध करने वाले लोगों ने बताया कि पाइनवुड स्कूल के पास पनौरा को जाने वाले मार्ग की दीवार क्षतिग्रस्त है।
इस मार्ग के सुधार की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। इसके बावजूद अभी तक क्षतिग्रस्त दीवार का निर्माण नहीं किया गया है। मार्ग में आवाजाही करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। इस मौके पर ग्रामीणों ने होली तक मार्ग का निर्माण शुरू नहीं होने पर धरना प्रदर्शन और चक्काजाम करने की चेतावनी दी।
विरोध जताने वालों में भगवत सिंह, कैलाश सिंह ,गोविंद कपकोटी, हयात कपकोटी, मुन्ना कपकोटी आदि शामिल थे। पुलिस को विधायक लिखे बोर्ड में जूतों की माला टांगने की सूचना मिलते ही राजेंद्र सिंह, भगवत और कैलाश कपकोटी को थाने में बैठाकर शांति भंग में चालान कर दिया।
पुलिस का कहना है कि युवकों द्वारा प्रदर्शन के संबंध में कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई। सार्वजनिक स्थल पर प्रदर्शन करने पर उनका चालान किया गया।
गांव को जाने वाले मार्ग वाली जमीन को लोनिवि और एक स्कूल द्वारा अपनी-अपनी जमीन बताया जा रहा है। विवादित मामले की जांच चल रही है। दो-तीन दिन में जांच पूरी हो जाएगी। इस मामले में सार्वजनिक स्थल पर हंगामा काटने पर युवकों का शांति भंग में चालान किया गया है। - आरएस बिष्ट, एसडीएम, कपकोट।