पौड़ी बैंड तिराहे पर खोले गए बियर बार के विरोध में क्षेत्रवासियों ने एनएच पर सांकेतिक चक्काजाम कर धरना प्रदर्शन किया। बागेश्वर के विधायक चंदन राम दास और पूर्व मंत्री राम प्रसाद टम्टा समेत कई जनप्रतिनिधियों ने मौके पर जाकर बियर बार के विरोध में क्षेत्रवासियों द्वारा किए जा रहे आंदोलन को समर्थन दिया।
बियर बार खोलने के विरोध में खरही एकता मंच के नेतृत्व में पूरे क्षेत्र के लोग सोमवार को पौड़ी बैंड में एकत्रित हो गए। लोगों ने मटेला के जिला पंचायत सदस्य रवि करायत की अगुवाई में एनएच पर सांकेतिक जाम लगाया। ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग में धरना देकर प्रदर्शन किया। धरना स्थल पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि पूरे क्षेत्र की जनता पौड़ी बैंड में खोले गए बियर बार का विरोध कर रही है। बार को बंद करने की मांग को लेकर कई बार जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया जा चुका है।
अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। बियर बार के कारण क्षेत्र में अराजकता का वातावरण बनेगा। इसको देखते हुए लोग काफी परेशान और आक्रोशित हैं। कहा कि जब तक प्रशासन बियर बार को बंद नहीं करता आंदोलन जारी रखा जाएगा। इस मौके पर विधायक चंदन राम दास, पूर्व कबीना मंत्री राम प्रसाद टम्टा, पूर्व प्रधान हरीश जनौटी, नित्यानंद पांडे, एनबी भट्ट, भूपाल रौतेला, नरेंद्र रावत, बालम बिष्ट, दिग्विजय सिंह जनौटी, हंसी देवी, नवल किशोर, एनडी भट्ट आदि ने विचार रखे।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि बिना क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की एनओसी लिए बियर बार खोला गया है। तीन दिन के भीतर यदि बार को बंद करने के निर्देश जारी नहीं किए जाते हैं तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद खरही एकता मंच के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल को इस मांग का ज्ञापन सौंपा। इस पर जिलाधिकारी ने पूरे मामले की जांच करने और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पौड़ीबैंड में धरना प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन की ओर से पुलिस तैनात की गई थी।