बागेश्वर जिला अस्पताल में सर्दी, जुकाम, बुखार के साथ सांस और पेट संबंधी बीमारियां बढ़ी
बागेश्वर। त्योहारी सीजन जहां खुशियां लेकर आता है, वहीं खानपान पर नियंत्रण नहीं होने से बीमारियां भी बढ़ने लगती है। होली के बाद जिले में एकाएक मरीजों की संख्या बढ़ गई है। सर्दी, जुकाम, बुखार के साथ पेट और सांस संबंधी बीमारियों में इजाफा होने का असर जिला अस्पताल की ओपीडी में दिखाई दिया। बुधवार को ओपीडी में 595 मरीज जांच कराने पहुंचे।
जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. चंद्र मोहन सिंह भैसोड़ा ने बताया कि जांच कराने वालों में सर्दी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या अधिक थी। पाचन संबंधी शिकायत लेकर भी कई मरीज पहुंचे। रंग, अबीर, गुलाल के कारण सांस के मरीजों की दिक्कत अधिक बढ़ी। जांच कराने वालों में सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोग भी शामिल थे।
कोट- जिला अस्पताल में भारी संख्या में मरीज पहुंचे हैं। अमूमन जिला अस्पताल में 300 से 400 के बीच मरीज जांच कराने आते हैं। होली के बाद यह संख्या डेढ़ गुना अधिक पहुंच गई है।-डॉ. वीके टम्टा, सीएसएम।