बागेश्वर में अधिकारियों की बैठक लेते डीएम विनीत कुमार। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोविड-19 की गाइडलाइन का पूरी तरह पालन किया जाएगा। डीएम विनीत कुमार ने कहा कि प्रभातफेरी के समय 20 व्यक्तियों से अधिक संख्या नहीं होनी चाहिए। महात्मा गांधी की मूर्ति स्थल पर कार्यक्रम से पहले और बाद में सैनिटाइजेशन किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर ली गई बैठक में डीएम ने कहा कि 14 और 15 अगस्त शाम छह बजे से रात 11 बजे तक सरकारी, गैर सरकारी भवनों में एलईडी बल्ब जलाए जाएंगे। 15 अगस्त को सुबह साढ़े पांच बजे से प्रभात फेरी शुरू होगी, जिसका चौक बाजार से शुभारंभ होकर कोतवाली स्थित महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण के साथ समापन होगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कोविड के चलते क्रास कंट्री, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होंगे। सभी कार्यालयों और शिक्षण संस्थाओं में सुबह नौ बजे ध्वजारोहण किया जाएगा और साढ़े नौ बजे डीएम कार्यालय में ध्वजारोहण होगा।
डीएम ने सीईओ को ऑनलाइन माध्यम से छात्र-छात्राओं की आत्मनिर्भर भारत थीम पर निबंध, रंगोली और वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता कराने के निर्देश दिए। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए बेहतर ढंग से कार्य कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव, पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल, ब्लॉक प्रमुख पुष्पा देवी, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गोविंद सिंह भंडारी, मुख्य विकास अधिकारी डीडी पंत, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बीडी जोशी, जिला विकास अधिकारी केएन तिवारी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल जीएस बिष्ट आदि मौजूद थे।