बागेश्वर। रंगों के त्योहार होली पर इस बार जिले में जमकर जाम छलके। उल्लास और उमंग के बीच शराब प्रेमियों ने तीन दिनों के भीतर ही जिले की सात दुकानों से 32.11 लाख रुपये की अंग्रेजी शराब गटक ली। आबकारी विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते सोमवार से बुधवार के बीच जिले में 5900 से अधिक बोतलों की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की गई है। इसमें सबसे अधिक क्रेज जिला मुख्यालय की दुकान पर देखने को मिला, जहां अकेले ही 15 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
होली के हुड़दंग के बीच शराब की दुकानों पर सोमवार सुबह से ही लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं थीं। मंगलवार और बुधवार को यह भीड़ और बढ़ गई। गरुड़ की दुकान से चार लाख रुपये और कांडा की दुकान से 3.90 लाख रुपये की शराब बिकी। ग्रामीण क्षेत्रों की दुकानों पर भी शराब प्रेमियों का भारी जमावड़ा रहा। भराड़ी और शामा की दुकानों से तीन-तीन लाख रुपये की शराब की बिक्री हुई। काफलीगैर की दुकान से 1.71 लाख रुपये और कंधार की दुकान से 1.50 लाख रुपये की शराब बिकी। होली के दौरान बाहरी क्षेत्रों से घर आए लोंगों के कारण भी इस बार बिक्री में उछाल देखने को मिला है। बीते तीन दिनों में अंग्रेजी शराब की कुल खपत 5900 बोतलों के पार पहुंच गई है। त्योहार के दौरान अवैध शराब की तस्करी और ओवर रेटिंग रोकने के लिए भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। भारी मांग के बावजूद अधिकतर दुकानों पर स्टॉक की उपलब्धता बनी रही जिससे शौकीनों को मनपसंद ब्रांड के लिए ज्यादा भटकना नहीं पड़ा।
.......कोट
होली के दौरान जिले में शराब की बिक्री और स्टॉक पर लगातार नजर रखी गई। सोमवार से बुधवार तक जिले की सातों दुकानों से कुल 32.11 लाख रुपये की शराब की बिक्री हुई है। अवैध शराब की तस्करी और ओवर रेटिंग रोकने के लिए भी टीमों को सक्रिय रखा गया था। शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार संपन्न हुआ है और राजस्व में भी अच्छी वृद्धि दर्ज की गई है। -दुर्गेश्वर कुमार त्रिपाठी, जिला आबकारी अधिकारी, बागेश्वर