20 अप्रैल को होने वाले वनाग्नि मॉक ड्रिल को लेकर सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। जिलाधिकारी ने पुलिस और वन विभाग को वायरलेस सैट चालू हालत में रखने के निर्देश दिए। बताया कि मॉक ड्रिल में पुलिस और होमगार्ड के 20-20 जवान तैनात रहेंगे। आपदा सचिव अमित नेगी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जिलाधिकारी से मॉक ड्रिल की तैयारियों के बारे में जानकारी ली।
मॉक ड्रिल को लेकर हुई बैठक में डीएम मंगेश घिल्डियाल ने कहा कि वनाग्नि की सूचना मिलते ही सभी टीमें स्टेजिंग एरिया के लिए मूव करेंगी। हर टीम के साथ एक-एक पशु चिकित्सक की टीम भी मौजूद रहेगी। कहा कि आब्जर्वर के निरीक्षण के बाद सभी टीमें घटना स्थल से वापस आएगी। आपदा कंट्रोल रूम में वन विभाग के कार्मिक तैनात रहेंगे। आपदा सचिव अमित नेगी ने बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जनपद में वनाग्नि मॉक ड्रिल को लेकर चल रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल में वन विभाग की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्हें क्रू स्टेशनों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। बैठक में डीएफओ एमबी सिंह, एसपी सुखवीर सिंह, एसडीएम श्याम सिंह राणा, रवींद्र सिंह, तहसीलदार कपकोट पूरन सिंह बिष्ट, मैनपाल सिंह, आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुुयाल, एसडीओ सत्येंद्र नाथ त्रिपाठी आदि अधिकारी मौजूद थे।