कपकोट (बागेश्वर)। ऋषिकेश में मुनि की रेती क्षेत्र में शराब की दुकान के बाहर पुलिस का पहरा देने के मामले में एनएसयूआई ने नाराजगी व्यक्त की है। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष कमलेश गढि़या के नेतृत्व में कपकोट एसओ के माध्यम से पुलिस महानिदेशक को भेजे ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगाए। रविवार को एनएसयूआई जिलाध्यक्ष गढि़या के नेतृत्व में पुलिस महानिदेशक को दिए ज्ञापन में बताया कि पुलिस ने मुनि की रेती में शराब की दुकान के बाहर पहरा देकर पुलिस का दुरुपयोग किया है। जिस तरह पुलिस ने शराब की दुकान के बाहर पहरा देकर शराब की बिक्री निर्बाध रूप से चलने दी उससे प्रतीत होता है कि पुलिस का काम अब जनता की सुरक्षा नहीं बल्कि शराब की सुरक्षा करना है। इस मौके पर डिग्री कॉलेज कपकोट छात्रसंघ कोषाध्यक्ष कमलेश कपकोटी, छात्रा उपाध्यक्ष चांदनी गोगिनी, प्रेम दानू, दर्शन ऐठानी, राजू दानू आदि मौजूद रहे।