कुलपति का पुतला फूंकते एनएसयूआई कार्यकर्ता।
- फोटो : amar ujala
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बागेश्वर में पीजी कक्षाओं में छात्र-छात्राओं को प्रवेश नहीं मिलने से नाराज एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर कुलपति का पुतला फूंका। छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन से पीजी में सीटें बढ़ाने की मांग उठाई।
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कहा कि एमएससी और एमए के विषयों में सीटें निर्धारित हैं। फिक्स सीटें होने से कई छात्र-छात्राओं को प्रवेश से वंचित रहना पड़ रहा है। छात्र नेताओं का आरोप था कि महाविद्यालय प्रशासन द्वारा प्रयोगशाला उपकरणों की कमी का हवाला देकर छात्र-छात्राओं को प्रवेश से वंचित रखा जा रहा है।
पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष कुलदीप ने कहा कि शिक्षा प्राप्त करना सभी छात्र-छात्राओं का अधिकार है। किसी भी छात्र को शिक्षा के अधिकार से वंचित नहीं रखा जा सकता है। जबकि, बागेश्वर महाविद्यालय में प्रवेश लेने के इच्छुक छात्र-छात्राओं को प्रवेश नहीं मिल पा रहा है।
पूर्व छात्र संघ सचिव गोकुल परिहार ने कहा कि यदि सभी छात्र-छात्राओं को प्रवेश नहीं मिला तो आंदोलन करने को बाध्य होना पड़ेगा। पुतला फूंकने वालों में छात्र संघ उपाध्यक्ष हरीश राठौर, नीरज सिंह, धीरज गड़िया, सोनू गड़िया, बसंत भट्ट, उज्ज्वल, गरिमा, दिव्या, गीता रौतेला, लता बोरा, चंपा गड़िया, किरन पांडे, चंपा गड़िया शामिल थे।