स्वास्थ्य विभाग की जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक डीएम भूपाल सिंह मनराल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में बताया गया कि पोलियो बीमारी को जड़ से उखाड़ने के लिए केंद्र सरकार की ओर से 25 अप्रैल को नेशनल स्विच डे घोषित किया गया है।
जिसमें बच्चों को टीओपीवी (त्रिसंयोजक ओरल पोलियो वैक्सीन) के स्थान पर बीओपीवी (द्वि संयोजक ओरल पोलियो वैक्सीन) पिलाई जाएगी।
डीएम ने सीएमओ सहित सभी स्वास्थ्य कर्मियों को संबोधित करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों को बदली गई नई द्वि संयोजक ओरल पोलियो वैक्सीन पिलाने का प्रशिक्षण सभी स्वास्थ्य कर्मियों को अच्छी तरह से दिया जाय। ताकि इस कार्य में किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने शासन की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूर्व में दी जा रही टीओपीवी वैक्सीन को बाजार व स्टाक से वापस लेने के निर्देश भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए।
बैठक में सीएमओ और वरिष्ठ चिकित्साधिकारी ने विश्व स्वास्थ संगठन के प्रतिरक्षण कार्यक्रम से अवगत कराया। बैठक में सीएमओ डॉ.जेसी मंडल, डब्लूएचओ रुद्रपुर के वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. मनु खन्ना, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.केके सिंह, औषधि निरीक्षक मीनाक्षी बिष्ट, स्वास्थ निरीक्षक एमसी लोहनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी निर्मला अंसारी आदि मौजूद थे।