गरुड़ (बागेश्वर)। तहसील क्षेत्र के अणा गांव के जंगल में संदिग्ध अवस्था में मृत मिले युवक की मौत के मामले की जांच राजस्व पुलिस ने रेगुलर पुलिस को सौंप दी है। परिजनों ने पुलिस से जांच में तेजी लाकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
विगत 19 नवंबर को अणा निवासी लक्की कुमार (22) का शव गांव के जंगल से बरामद किया गया था। युवक 17 नवंबर की शाम को दोस्तों के साथ पचना गांव में बारात में गया था, जहां से वह वापस घर नहीं पहुंचा। मृतक के पिता हरीश राम ने पुत्र की हत्या की आशंका जताते हुए राजस्व पुलिस में अज्ञात के खिलाफ शिकायत की थी। तहरीर के आधार पर राजस्व पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच शुरू की थी। नायब तहसीलदार भूपाल गिरि गोस्वामी ने बताया कि अब मामला रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित हो गया है। सीओ अजय लाल साह ने बताया कि केस पुलिस को ट्रांसर्फर हो चुका है। बैजनाथ पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। संवाद