तहसील मुख्यालय के बाजार में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर बुधवार को भी नहीं हट सके। लंबे समय से नालियों की भी सफाई नहीं होने से वे चोक हैं। कूड़े और गंदगी से उठ रही दुर्गंध से यहां लोगों का जीना हराम हो गया है। गुस्साए व्यापारियों और नागरिकों ने नगर पंचायत से कूड़े को हटाने और नालियों की शीघ्र सफाई की मांग की है।
तहसील मुख्यालय के बाजार में कूड़ा निस्तारण के ठोस इंतजाम नहीं होने से यहां हर कोई परेशान है। नालियों की भी नियमित सफाई नहीं होने से उनमें गंदगी जमी हुई हुई है। व्यापारियों और नागरिकों ने बताया कि उन्होंने नगर पंचायत को कूड़ा हटाने के लिए कई बार कह दिया है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कूड़ा नहीं हटा और नालियों की सफाई नहीं हुई तो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। चेतावनी देने वालों में व्यापार मंडल के अध्यक्ष तारा सिंह कपकोटी, प्रकाश कांडपाल आदि शामिल हैं। इधर नगर पंचायत की अध्यक्ष चंपा देवी ने कहा कि बाजार की नियमित सफाई की जा रही है। जहां कहीं भी कूड़ा बिखरा है उसे वहां से तुरंत हटाने के लिए पर्यावरण मित्रों को निर्देश दे दिए हैं। उन्होंने व्यापारियों से पर्यावरणमित्रों को सहयोग देने की अपील की है।