बागेश्वर। उत्तराखंड परिषदीय परीक्षाओं का परिणाम आज जारी होगा। जिले से करीब छह हजार विद्यार्थियों ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा दी है। शुक्रवार को आने वाले परिणाम इन बच्चों की सफलता और असफलता का आकलन करेगा।
सफलता और असफलता हर परीक्षा के दो पहलू होते हैं। बेहतर करने वाला आगे बढ़ता है, असफल रहने वाले को बेहतर करने की सीख मिलती है। वर्तमान समय में नंबर गेम ने परीक्षाओं को बच्चे के जीवन का सवाल बना दिया है। वैसे विशेषज्ञों का मानना है कि परीक्षा में आने वाले नंबर दिशा दिखा सकते हैं, जीवन की सफलता और असफलता का निर्धारण नहीं कर सकते। विद्यार्थियों को हर तरह के परिणाम के लिए तैयार रहना चाहिए और अभिभावकों को भी सफलता और विफलता में बच्चों का पूरा साथ देना चाहिए।
कोट
अंक मेहनत का एक हिस्सा है, पूरी पहचान नहीं है। हर परिणाम में कुछ नया सीखने का अवसर होता है। अपने प्रयासों पर विश्वास रखकर निरंतर आगे बढ़ते रहें। मेहनत और आत्मविश्वास से सफलता अवश्य मिलेगी।
-मोहिनी पांडेय, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य, बागेश्वर
परीक्षा में सफलता या असफलता के अलावा भी जीवन में कई बातें अहम हैं। कम अंक आने पर निराश होने की बजाय आने वाले समय में अपनी कमियों को दूर करके लगातार कोशिश जारी रखनी चाहिए। परीक्षा में अच्छे अंक आना ही सफलता की निशानी नहीं है। कम अंक प्राप्त करके भी जीवन में सफल होने वालों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
-डॉ. केवलानंद कांडपाल, प्रधानाचार्य, जीआईसी मंडलसेरा, बागेश्वर