बागेश्वर। डेढ़ साल पहले मनरेगा के तहत बनाए गोशालाओं का लाभार्थियों को भुगतान नहीं मिल सका है। भुगतान न मिलने से उन्हें कई परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। गांव गरीब महिला उत्थान मंच ने शासन-प्रशासन को ज्ञापन भेजकर लाभार्थियों को शीघ्र भुगतान दिलाने की मांग की है।
मांग पूरी न होने पर उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी है। गांव गरीब महिला उत्थान मंच के संस्थापक विशन सिंह टंगड़िया ने शासन, प्रशासन को भेजे पत्र में कहा है कि लेटी, धारी, डोबा, सीमी, नरगोल, भयेंड़ी, चौना, नैल कत्यूर, पालड़ी गांव में कई पशु पालकों ने डेढ़ साल पहले मनरेगा के तहत गौशालाओं का निर्माण किया था लेकिन उन्हें भुगतान नहीं मिल सका है।
भुगतान के लिए ब्लॉक कार्यालय के कई चक्कर काट चुके हैं लेकिन उनके सारे प्रयास सफल नहीं हो सके हैं। मजदूरों के सारे काम प्रभावित हो गए हैं। उन्होंने शासन, प्रशासन से जॉब कार्डधारियों के खातों में शीघ्र उनका भुगतान जमा करने की मांग की है। मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।