एक तरफ इन दिनों न्याय पंचायत स्तर पर कृषक महोत्सव चल रहा है। वहीं, दूसरी ओर पोलिंग, जनकुड़ी और गैरखेत के किसानों को फसल की सिंचाई के पानी नहीं मिल पा रहा है। सिंचाई के लिए बनी चार किमी लंबी पोलिंग-गैरखेत नहर के सूखने से रबी की फसलों की बुआई की तैयारी का काम ठप पड़ा है। यही नहीं नहर की अभी तक न तो सफाई हो सकी है और न ही मरम्मत का काम ही हो सका है।
परेशान किसानों ने बताया कि उन्होंने सिंचाई विभाग से नहर में पानी चलाने की कई बार मांग की, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हो सकी है। गुस्साए किसानों ने नहर में पानी शीघ्र नहीं आने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
चेतावनी देेने वालों में ग्राम प्रधान धन राम तिरूवा, उप प्रसाद हरि प्रसाद, अवकाश प्राप्त शिक्षक बहादुर राम, गोविंद राम, गोपाल राम, जोगा राम, नैन राम, मंगल राम, और तेजा त्रिकोटी आदि शामिल हैं। उधर, सिंचाई विभाग के अभियंताओं का कहना है कि नहर का मौका मुआयना करके शीघ्र पानी चलवा दिया जाएगा।