सिंचाई विभाग की अनदेखी से कोलतुलारी में नहरों में पानी की सप्लाई नियमित नहीं है। काश्तकार बाल्टी से नर्सरी को सींचने को मजबूर हैं।
कोलतुलारी के प्रधान मंगल राणा ने जिलाधिकारी और सिंचाई विभाग के एई को भेजे ज्ञापन में कहा है कि गरुड़ गंगा में भीषण गर्मी के बावजूद पर्याप्त मात्रा में पानी है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने अप्रैल में नहर को दुरुस्त करने के संबंध में कई बार विभाग के अवर अभियंता और एई से कहा। विभाग के अभियंताओं ने काश्तकारों की समस्या को समय पर गंभीरता से लिया होता तो दिक्कतें नहीं होती।
ग्राम प्रधान राणा ने बताया कि काश्तकार धान की नर्सरी को बचाने गरुड़ गंगा से पानी बाल्टी से ढोकर ला रहे हैं। गुस्साए काश्तकारों ने ऐलान किया है कि नहर को शीघ्र दुरुस्त नहीं किया गया तो ग्रामीण सिंचाई विभाग के एई को बंधक बनाएंगे।