भनारतोली गांव के नलों में पिछले 15 दिन से पानी की बूंद तक नहीं टपकी है। पानी नहीं आने से ग्रामीणों को कई परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। ग्रामीणों को पीने के पानी के दो किमी की दौड़ लगानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने पेयजल संस्थान से पानी की आपूर्ति सुचारु करने के लिए कई बार मांग की बावजूद अब तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। परेशान ग्रामीणों ने जल संस्थान के ईई को ज्ञापन देकर समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेेतावनी दी है।
ग्रामीणों ने कहा कि गांव को खरेही पंपिंग योजना से पानी की आपूर्ति होती है। योजना के नलों में पिछले 15 दिनों से पानी नहीं आया है। पानी की आपूर्ति चरमराने से उन्हें कई परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। पानी के चक्कर में उनकी दिनचर्या ही गड़बड़ा गई है। उनके साथ मवेशियों की भी प्यास नहीं बुझ पा रही है। नजदीक में पानी के कोई अन्य स्रोत नहीं होने से उन्हें पानी के लिए गांव से दो किमी दूर घटौड़ा और नैनाधारा की दौड़ लगानी पड़ रही है।
पेयजल संस्थान को पानी की आपूर्ति के लिए कई बार मांग कर दी है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है।
शीघ्र आपूर्ति सुचारु नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन को मजबूर होंगे। ज्ञापन देने वालों में बीडीसी सदस्य हेम चंद्र जोशी, भास्करानंद जोशी, प्रकाश जोशी, कमल सिंह और कमल किशोर जोशी आदि शामिल हैं। इई ने कहा कि संबंधित जेई को पानी की आपूर्ति सुचारु करने के निर्देेश दिए जाएंगे।