बागेश्वर स्थित एक पेट्रोल पंप पर धरना देते कांग्रेसी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। जिला मुख्यालय के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल न मिलने ने नाराज कांग्रेसियों ने धरना दिया। उनका कहना है कि त्योहार के सीजन में भी पेट्रोल न मिलने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को जिला मुख्यालय के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल समाप्त हो गया था। पंपों में पेट्रोल न होने के बोर्ड चस्पा कर दिए गए थे। पंपों में पेट्रोल न होने से त्योहारी सीजन के चलते अति आवश्यक कार्यों के लिए आवाजाही करने वाले वाहन संचालकों को निराश लौटना पड़ा। पेट्रोल न मिलने से नाराज कांग्रेसियों ने कांग्रेस के प्रदेश महासचिव बालकृष्ण के नेतृत्व में नगर के पेट्रोल पंप पर धरना दिया। कांग्रेसियों ने जिला प्रशासन से सभी पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन की व्यवस्था करने की मांग की है। धरने की सूचना मिलने के बाद प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी/एसडीएम राकेश तिवारी के निर्देश पर पंपों ने रिजर्व कोटे से लोगों को पेट्रोल देना शुरू किया।
पूर्ति निरीक्षक बबलू पांडे ने बताया एसडीएम के निर्देश पर लोगों को थोड़ा-थोड़ा पेट्रोल दिया गया। सोमवार शाम तक सभी पंपों पर पेट्रोल पहुंच जाएगा। करीब एक घंटे बाद पेट्रोल का वितरण शुरू होने पर कांग्रेसियों ने धरना समाप्त किया। धरने पर राज्यसभा सदस्य के प्रतिनिधि महेश पंत, बहादुर सिंह बिष्ट, बसंत बल्लभ पाठक, राजेश पांडे, गौरव पाठक, जगदीश पांडे, हरीश सिंह, अर्जुन देव, धीरज सिंह आदि थे।