बागेश्वर से गिरेछिना-सोमेश्वर मोटर मार्ग पर हुए भूस्खलन के कारण बंद थुणाई-मिहिनिया मोटर मार्ग।
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। सोमेश्वर, गिरेछिना रोड पर वाहन चालक संभलकर चलें। बारिश के बाद यह मार्ग कीचड़ से फिसलन भरा हो गया है। मार्ग पर चट्टान से बोल्डर और पत्थर गिर रहे हैं। ऐसे में वाहन चालक इस मार्ग पर जरा संभलकर चलें।
अक्तूबर से इस रोड की स्थिति सुधारने की कोशिश की जा रही है। लेकिन लोनिवि विभाग पिछले 120 दिनों से कोई ठोस प्रबंध नहीं कर पाया है। थोड़ी सी बारिश में मार्ग अवरुद्ध हो जा रहा है। लगभग 30 गांव के लोगों का यह मुख्य रास्ता है। हजारों की आबादी इस मार्ग से जुड़ी हुई है।
बारिश शुरू होते ही ग्रामीणों को इसकी चिंता सताने लगती है। विभाग की कार्यप्रणाली पर भी अब उन्हें संदेह होने लग गया है। ग्रामीणों ने बताया कि द्वारकाधीश, जौलकांडे, अमसरकोट, फल्यांटी, क्वैराली, लेटी, बमराड़ी, चौहाना, धारी, डोबा समेत करीब 30 गांवों के लोगों का यह मुख्य मार्ग है। जो दुर्घटनाओं का दावत दे रहा है। लेकिन प्रशासन को इसकी कोई चिंता नहीं है। ग्रामीणों ने कार्यप्रणाली में कोताही बरतने पर आक्रोश जताया है।
कोट
मार्ग पर सुधारीकरण कार्य चल रहा है। विभाग ने जेसीबी और पोकलैंड मिट्टी पत्थर हटाने के लिए लगाई है। भारी वाहनों केे लिए मार्ग बंद किया गया है। शाम को पांच बजे बाद वाहनों की आवाजाही बंद कर दी जाती है। शीघ्र ही मार्ग को पूर्ण रूप से ठीक कर दिया जाएगा। - दानिश अख्तर, जेई, लोनिवि, बागेश्वर।