बागेश्वर। जिलाधिकारी रंजना राजगुरु ने 2 मार्च से शुरू हो रही उत्तराखंड की बोर्ड परीक्षाओं को नकल विहीन कराने के निर्देश शिक्षाधिकारियों को दिए हैं।
बृहस्पतिवार को डीएम ने परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि परीक्षाएं भयमुक्त और नकल विहीन होनी चाहिए। इसके लिए अधिकारी पूरी तैयारी कर लें। कहा कि परीक्षा केंद्रों में कक्षों के बाहर परीक्षा को लेकर जानकारी चस्पा कराएं, ताकि विद्यार्थियों को इधर-उधर न भटकना पड़े। डीएम ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और कस्टोडियन को पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कोई भी परीक्षार्थी परीक्षा के दौरान मोबाइल अथवा अन्य नकल सामग्री न ले जाने पाए। परीक्षा देने से पहले व्यवस्थापक छात्रों की परीक्षा संबंधी सामग्री को भली भांति चेक कर लें। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्र में शांति भंग करने वाले तत्वों पर कठोर कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने व्यवस्थापकों और प्रधानाचार्यों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की जल्दबाजी न की जाय। सभी अधिकारी जिम्मेदारी के साथ अपने कार्यों का निर्वहन करें।
बैठक में एसडीएम गरुड़ जयवर्धन शर्मा, कांडा के एसडीएम योगेंद्र सिंह, कपकोट के एसडीएम प्रमोद कुमार, पुलिस उपाधीक्षक महेश जोशी, तहसीलदार मैनपाल सिंह, मुख्य शिक्षाधिकारी नरेश शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, जिला क्रीड़ाधिकारी विनोद वल्दिया आदि मौजूद थे।
बागेश्वर में 8792 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
बागेश्वर। जिले में इस बार 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 8792 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। मुख्य शिक्षाधिकारी नरेश शर्मा ने बताया कि हाईस्कूल में 4743 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इसमें संस्थागत में 2203 बालक, 2451 बालिकाएं हैं। जबकि, व्यक्तिगत में 56 बालक, 33 बालिकाएं पंजीकृत हैं। इंटर में 4049 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इसमें 1822 संस्थागत बालक, 2091 बालिका और व्यक्तिगत में 68 बालक, 68 बालिकाएं पंजीकृत हैं। जिले में 55 परीक्षा केंद्रों में से 12 केंद्र संवेदनशील हैं।